Thursday, March 26, 2026
होमउत्तर प्रदेशराजनीतिCM योगी ने ₹750 करोड़ की लागत से स्थापित सीमेंट प्लांट का...

CM योगी ने ₹750 करोड़ की लागत से स्थापित सीमेंट प्लांट का किया उद्घाटन, 3500 लोगों को मिलेगा रोजगार: एटा को मिला नया औद्योगिक तोहफा

उन्होंने जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट से 1500 मेगावाट बिजली उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब प्रदेश में ऊर्जा और रोजगार, दोनों की कोई कमी नहीं है।

-

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एटा पहुंचे और यहां 750 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित श्री सीमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विपक्षी दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुगलों और अंग्रेजों के बाद इन दलों ने विकास की राह में सबसे बड़ा अवरोध खड़ा किया और देश को पिछाड़ने का काम किया। वहीं, योगी ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

अपराध से निवेश तक का सफर

सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 8–9 वर्ष पहले एटा अपराध और माफियाओं का गढ़ माना जाता था। गरीबों की जमीन पर कब्जा होता था, उनकी कोई सुनवाई नहीं होती थी। जब नागरिक की संपत्ति ही सुरक्षित न हो, तो विकास की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। एटा अब कानून-व्यवस्था की मजबूती और औद्योगिक निवेश के नए केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने एटा में स्थापित श्री सीमेंट प्लांट को इसी नए दौर का प्रतीक बताते हुए कहा कि 750 करोड़ रुपये से लगाए गए इस प्लांट से 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 3,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इसके साथ ही स्थानीय परिवहन, व्यापार और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े हजारों लोगों को भी काम का अवसर मिलेगा।

श्री सीमेंट का सामाजिक योगदान

सीएम योगी ने कहा कि श्री सीमेंट सिर्फ एक उद्योग नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय उत्तरदायित्व भी निभा रहा है। एटा यूनिट ने अब तक 183 शहीद परिवारों को मुफ्त सीमेंट उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही कंपनी ने बुलंदशहर में पहले प्लांट, एटा में इस नये प्लांट और चित्रकूट में 40 मेगावाट का ग्रीन एनर्जी (सोलर) प्लांट स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की असली नींव है, जहां उद्योग सिर्फ मुनाफे के लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्रहित के लिए भी काम करता है।

कांग्रेस-सपा पर निशाना

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इन पार्टियों ने हमेशा अपने परिवार का ही विकास किया, जनता का नहीं। उनके शासन में व्यापारी असुरक्षित थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और गरीबों की कोई सुनवाई नहीं होती थी। यही वजह रही कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार पिछड़ती चली गई।

उन्होंने कहा कि भारत 17वीं–18वीं सदी में दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था था। 1947 के बाद से कांग्रेस के शासनकाल में देश पहले छठे पायदान पर आया और फिर 2014 तक गिरकर 11वें स्थान पर चला गया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।

यूपी का आर्थिक उत्थान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में जब भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में आई थी, तब राज्य देश की सातवीं अर्थव्यवस्था था। आज यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह बदलाव अपराध और माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई, दंगाइयों पर अंकुश और औद्योगिक निवेशकों में विश्वास जगाने का नतीजा है।

उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ जमीन पर उतारे जा चुके हैं। इस निवेश से 60 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। हाल ही में पुलिस बल में 60,244 युवाओं की भर्ती हुई है, जिनमें एटा के भी अनेक युवा शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 70,000 युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण और मार्जिन मनी दी गई है ताकि वह अपना उद्यम शुरू कर सकें।

“आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला”

सीएम योगी ने श्री सीमेंट के नए प्लांट को रोजगार और विकास का बड़ा आधार बताते हुए कहा कि एक अकेला उद्योग 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष–अप्रत्यक्ष रोजगार देता है, तो प्रदेश में हो रहे अन्य निवेश लाखों नौजवानों को नई राह दिखा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस निवेश से न केवल स्थानीय स्तर पर रोज़गार मिल रहा है, बल्कि एटा जैसे क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, बिजली उत्पादन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी मिल रहा है।

उन्होंने जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट से 1500 मेगावाट बिजली उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब प्रदेश में ऊर्जा और रोजगार, दोनों की कोई कमी नहीं है।

एटा का श्री सीमेंट प्लांट महज एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि बदलते उत्तर प्रदेश का प्रतीक है। अपराध और माफियागर्दी के अतीत से निकलकर अब एटा उद्योग, रोजगार और विकास की नई बुलंदियों की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, डबल इंजन की सरकार जनता के सहयोग और उद्योगपतियों के विश्वास के साथ राज्य को आत्मनिर्भर व विकसित भारत की राह पर तेजी से आगे ले जा रही है।

UP4India Desk
UP4India Deskhttps://up4india.com
UP4India is an independent digital platform that presents news, opinions, culture, and social issues related to Uttar Pradesh and India with an unbiased perspective. Our mission is to inform, educate, and inspire people. We are committed to bringing ground realities to light and amplifying the voice of public interest. Your trust is our greatest strength. Here, you will find not only the latest news but also in-depth analysis and special reports. We believe in transparency, accuracy, and balanced reporting. UP4India strives to provide a platform for the voice of every citizen.
- Advertisment -
Google search engine

Must Read

विकसित उत्तर प्रदेश विज़न 2047

बरेली हिंसा पर सीएम योगी का कहर: ‘मौलाना भूल गया था...

0
राजधानी लखनऊ स्थित होटल ताज में शनिवार (27 सितंबर) को ‘विकसित उत्तर प्रदेश विज़न 2047’ के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी...