उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर क्षेत्र में आला हजरत उर्स के दौरान निकलने वाले चादर जुलूस को लेकर सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। बरेली में आला हजरत के 107वें उर्स-ए-रजवी का आगाज हुआ। खजुरिया और रहपुरा चौधरी गांव के हिंदू समुदाय ने आरोप लगाया है कि इस बार जुलूस में नई परंपरा शुरू कर माहौल बिगाड़ा जा रहा है। जब इस बदलाव का विरोध किया गया तो दूसरे पक्ष ने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। इस झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जुलूस में डीजे, झंडे और नारेबाजी से तनाव हुआ
जानकारी के अनुसार, पहले केवल चादर भेजी जाती थी लेकिन इस बार डीजे, झंडे और नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला गया। हिंदू समुदाय ने इसे नई व्यवस्था मानकर विरोध जताया। क्योकि ये मुस्लिम समाज की तरफ़ से जान बूझ कर किया जा रहा था। विरोध के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। तनाव बढ़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस की कार्रवाई, लाठीचार्ज की सूचना
विरोध करने वालों पर पुलिस ने कथित तौर पर लाठीचार्ज किया। वीडियो में पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां चलाते नजर आए। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय के कुछ सदस्यों ने उन पर हमला किया, और बाद में पुलिस ने भी उनकी बेरहमी से पिटाई की। इस घटना में लगभग 12 हिंदू घायल हो गए, जबकि एक युवक को सिर में चोट आई।
पुलिस मामले का बयान
पुलिस ने बयान में कहा कि खजुरिया गांव में चला यह जुलूस पहले से तय कार्यक्रम और लिखित समझौते के अनुसार निकला था। लेकिन दोपहर के समय कुछ स्थानीय लोगों ने चादर खोलने की जगह को लेकर विरोध किया। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने तो समझाकर वहां से हटा दिया गया।
सिटी एसपी ने लाठीचार्ज जैसी किसी भी घटना से इनकार किया। पुलिस ने यह भी साफ किया कि कुछ लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिस पर झूठे आरोप लगाकर अफवाह फैलाने का प्रयास किया, जिसे तुरंत खारिज कर दिया गया।
राजनीतिक रंजिश भी सामने आई
पुलिस ने बताया कि विवाद को बढ़ावा देने के पीछे गाँव के मौजूदा प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच खींचातानी का भी हाथ है। जाँच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जो भी लिखित शिकायत करेगा उसकी भी निष्पक्ष जांच होगी।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में
मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। प्रशासन ने सभी पक्षों को संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।
यह घटना सामाजिक सौहार्द और शांति के लिए खतरा बनी हुई है, इसलिए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।




