शुक्रवार (19 सितंबर) को सीएम योगी ने 25 सितंबर को होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 तृतीय संस्करण की तैयारियों का जायजा लिया। सीएम ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे और कार्यों की समीक्षा की। इस एक घंटे की समीक्षा बैठक जो की विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ थी उसमे उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण जैसे व्यवस्थाओं को बीते साल से बेहतर करने के निर्देश दिए।
इसके साथ उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं बेहतर हों। जिस से देश-विदेश से आने वाले अतिथियों और उद्यमियों को किसी तरह की असुविधा न हो। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तृतीय संस्करण का शुभारंभ पीएम मोदी करने वाले हैं। ऐसे में इस मौके पर विभिन्न देशों के राजनयिक भी मौजूद रहेंगे।
इस बार के आयोजन में रूस को पार्टनर कंट्री बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्टॉल लगाने, ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग जैसी तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि कार्यक्रम पिछले साल से भी अधिक भव्य और सफल होना चाहिए। सीएम राजकीय विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा ग्रेटर नोएडा आए।
इंटरनेशनल ट्रेड शो कारीगरों के लिए उपयोगी
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि यह ट्रेड शो गांवों और कस्बों के हुनरमंद कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का बड़ा माध्यम है। पिछले दो संस्करणों ने साबित किया है कि यूपी के उद्यमी और उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। पिछले आयोजन में व्यापारियों को 2027 तक के ऑर्डर मिले थे और इस बार उससे भी अधिक कारोबार की उम्मीद है।
तीसरे संस्करण में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना से जुड़े उद्यमियों को भी अपनी कला और उत्पाद दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह प्लेटफॉर्म यूपी के उत्पादों को न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय पहचान देगा, बल्कि राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने में भी मददगार बनेगा। सरकार को भरोसा है कि इस बार का आयोजन और बड़ा होगा और एक्सपोर्ट के क्षेत्र में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। यह ट्रेड शो व्यापार के साथ-साथ यूपी की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक ताकत को प्रदर्शित करने का अवसर भी है, जिसमें ग्रामीण शिल्प से लेकर आधुनिक उद्योग तक सभी को मंच मिलेगा।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने बताया कि राज्य में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं और यह ट्रेड शो उन्हें एक ही मंच पर लाने का अवसर देगा। पिछले साल आयोजन के दौरान लगभग 22 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ था।
बैठक में सांसद महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, जेवर विधायक, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और डीएम मेधा रूपम भी मौजूद रहे।




