उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और नदियों के उफान से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गंगा और यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो अनुमान से 73% कम है। हालांकि, पूरे मानसून सीजन में अब तक 644.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत से 1% अधिक है।
मथुरा के वृंदावन में 50% इलाका डूबा
हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी ने मथुरा जिले की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। वृंदावन का करीब आधा इलाका बाढ़ की चपेट में है। राधा वल्लभ मंदिर के भीतर पानी भर गया, जबकि बांके बिहारी मंदिर से यमुना अब महज 100 मीटर की दूरी पर बह रही है।
वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। श्रद्धालु जगह-जगह फंसे हैं। रविवार को भारी मुश्किल के बीच बाढ़ के बीच में एक शवयात्रा को मोक्षधाम पहुंचाया गया। 26 गांवों के करीब 7 हजार लोग बाढ़ से सीधा प्रभावित हैं।
शाहजहांपुर में मेडिकल कॉलेज बंद
शाहजहांपुर में गर्रा नदी के बढ़े जलस्तर ने हालात गंभीर कर दिए हैं। पानी राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर तक पहुंच गया है। एहतियातन मेडिकल कॉलेज को बंद करना पड़ा और मरीजों को नजदीकी सीएचसी में शिफ्ट किया गया। मेडिकल स्टाफ ने उपकरण और गद्दों को बेड पर समेटकर सुरक्षित किया।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे का भी कुछ हिस्सा बाढ़ में डूब गया है। इस दौरान हाईवे के पास वीडियो शूट कर रहे दो युवक बाढ़ के पानी में बह गए, जिनकी तलाश SDRF टीम कर रही है।
स्कूल बंद, रेस्क्यू जारी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मथुरा और शाहजहांपुर में कक्षा 12वीं तक के स्कूल सोमवार को बंद कर दिए हैं। प्रभावित गांवों और शहर के हिस्सों में SDRF टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।




