ताइवान के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में लंबे सहयोग और निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई। ताइवान के निवेशकों को यूपी के ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर (जीसीसी) हब की जानकारी दी गई। बताया गया कि नोएडा, लखनऊ, आगरा और कानपुर में वाणिज्यिक क्षेत्र की पर्याप्त उपलब्धता, बिजली-पानी की स्थिर आपूर्ति और व्यापक मानव संसाधन राज्य को एशिया में डेटा सेंटर संचालन के लिए उपयुक्त केंद्र बनाते हैं।
ऐसे में ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व क्षमता और यूपी के डेटा-आधारित क्षेत्रों में बढ़ती संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों ने सहयोग मॉडल पर विचार-विमर्श किया।
इन्वेस्ट यूपी में ताइवान डेस्क
इन्वेस्ट यूपी ने ताइवान डेस्क की स्थापना की है, जो नई परियोजनाओं को आकर्षित करने में सहायक होगा। इसके साथ ही, यूपी की एफडीआई/एफसीआई एवं फॉर्च्यून ग्लोबल-500 और फॉर्च्यून इंडिया-500 निवेश प्रोत्साहन नीतियों के तहत निवेशकों को समर्थन प्रदान करेगा। जल्द ही यूपी का प्रतिनिधि मंडल ताइवान का दौरा करेगा।
ताइवान की कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आकर्षक प्रोत्साहन और सुविधाजनक कारोबारी माहौल का भरोसा दिया। बैठक में सेमीकंडक्टर, बायोप्लास्टिक्स, रक्षा, एयरोस्पेस और उन्नत तकनीक जैसे उच्च संभावनाशील क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।
इस बैठक की अध्यक्षता इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद ने की। इसमें एसटीक्यूसी के निदेशक सुरेश चंद्र, सुपरमाइक्रो के सीईओ सुरेश कुमार तुल्लुरी, आकाशावर्स के सह-संस्थापक एवं वैश्विक सीईओ संजीव मेहता, और आईआईटी कानपुर के प्रो. नचिकेत तिवारी शामिल थे।




